भाटपार रानी। विकासखंड के कुछ ही समितियों पर यूरिया खाद उपलब्ध है। वह भी कुछ दिन पूर्व वितरित कर दी गई। बाकी अनेक समितियों पर यूरिया खाद गायब है। इस समय खेतों में फसलों की वृद्धि के लिए यूरिया को लेकर किसान परेशान हैं।
विकासखंड भाटपार रानी अंतर्गत कुल 10 साधन सहकारी समितियां हैं। इनमें कोडरा, खामपार,भिंगारी, बहियारी बघेल, टीकम पार,भठवा तिवारी, सुरजीपुर, कुकुर घाटी, भिंगारी और नोनाड पांडे समितियां सम्मिलित हैं। कुछ समितियों बहियारी बघेल, टीकम पार आदि पर यूरिया की खेप आई थी। ये उन्ही किसानों को वितरित की गई, जिनका फार्मर रजिस्ट्रेशन हुआ है। जिनका फारमर रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है वे वंचित हो गए। सुरजीपुर के किसान परशुराम तिवारी ने बताया कि यहां यूरिया नहीं है। किसान प्राइवेट दुकानों से महंगे दामों पर खरीद रहे हैं। एसडीएम दीपराज सिंह ने बताया कि जिन समितियों पर खाद नहीं है वहां खाद उपलब्ध कराने को निर्देश दिया जाएगा।