उत्तर प्रदेश दिवस पर प्रतिभाओं को मिला सम्मान
देवरिया। जनपद में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में समारोह का आगाज रविवार को टाउन हाल ऑडिटोरियम में हुआ। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान करवाले प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। तीन दिवसीय समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि सदर विधायक डॉ. सत्यप्रकाश मणि त्रिपाठी, डीएम, एसपी व सीडीओ ने किया। वहीं, प्रदर्शनी का
भी विधिवत उद्घाटन हुआ।
इस दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों, लाभार्थियों एवं युवा प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्वरोजगार स्थापना के लिए दो उद्यमियों को 35 लाख का ऋण स्वीकृति पत्र, दुग्ध विभाग की संचालित योजना के तहत दो लाभार्थियों को पुरस्कार स्वरूप 72 हजार का बैंक ड्राफ्ट भी दिया गया। कार्यक्रम के पूर्व लखनऊ में आयोजित उत्तर प्रदेश दिवस कार्यक्रम के मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण हुआ।
मुख्य अतिथि सदर विधायक ने कहा कि भाजपा की सरकार आने के बाद उत्तर प्रदेश दिवस मनाए जाने का निर्णय लिया गया, जिससे लोग प्रदेश की विविधताओं, सांस्कृतिक विरासत, अध्यात्मिक व पौराणिक पहचानों को भली-भांति जाने और इससे युवा वर्ग प्रेरणा भी लें। कहा कि प्रदेश कृषि उत्पाद में जहां नंरबर एक पर है वहीं मानव संपदा में भी सबसे आगे है।
डीएम अमित किशोर ने कहा कि जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित हैं। उसके स्टाल भी लगाए गए हैं, जिसके माध्यम से लाभ लिया जा सकता है। कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए युवाओं को कोई परेशानी न हो इसके लिए सृजन-50 पूर्व में ही जनपद में बनाई गई है।
प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए क्षमता वृद्धि का कार्य भी किया जाएगा। सीडीओ शिव शरणप्पा जीएन ने कहा कि लाभपरक योजनाओं के तहत दी जाने वाली धनराशि उनके खाते में सीधे भेजी जाती है। सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत राजकीय कस्तूरबा बालिका विद्यालय की छात्रा सुरभि, शिखा, वर्षा, श्रद्धा ने प्रस्तुत किया। संचालन मंजू पांडेय ने किया। इस दौरान एडीएम कुवंर पंकज, सीआरओ अमृतलाल बिंद, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुमित यादव, एएसपी रामयश सिंह, डीडीओ श्रवण कुमार, एलडीएम राकेश कुमार, डीएसटीओ मनोज कुमार श्रीवास्तव, पीडी संजय पांडेय, डीसीएनआरएलएम गजेंद्रर त्रिपाठी, उप निदेशक कृषि डा ए के मिश्र, बीएसए संतोष राय, जिला प्राबेशन अधिकारी प्रभात कुमार, प्रधानाचार्य जीआईसी पीके शर्मा, जिला कृषि अधिकारी मो.मुजम्मिल, उपायुक्त उद्योग के के अमर, डीएचओ सीतारात यादव, युवा कल्याण अधिकारी अनित कुमार आदि मौजूद रहे।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारी सम्मानित
देवरिया। बेसिक शिक्षा विभाग के 31 उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों, नगरपालिका एवं पंचायतीराज विभाग के दस-दस सफाई कर्मियों, मिशन शक्ति के आठ, युवा कल्याण विभाग के पांच, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारियों एवं युवा कल्याण की आयोजित खेलकूद प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छह प्रतिभाशाली खिलाड़ियों, माध्यमिक शिक्षा विभाग के 11 छात्रों, ग्रामीण आजीविका मिशन योजना अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले आठ स्वयं सहायता समूहों तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मिशन शक्ति में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए हेमा त्रिपाठी, दिव्या यादव, मालामणि त्रिपाठी, शाईस्ता परवीन, मीनू जायसवाल, विभा पांडेय, श्रवण कुमार एवं संचालिका मंजू पांडेय को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।