भागलपुर/बरहज। परिषदीय विद्यालयों में दूसरे दिन बुधवार को वार्षिक और अर्धवार्षिक परीक्षाएं आयोजित की गईं। भागलपुर क्षेत्र में जहां परीक्षा केंद्रों पर चुस्त व्यवस्था और बच्चों में उत्साह दिखा, वहीं बरहज क्षेत्र में छात्रों की उपस्थिति कम रही।
भागलपुर क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय भागलपुर और छित्तूपुर में परीक्षा के दौरान चहल-पहल रही। बच्चे स्कूल ड्रेस में परीक्षा देने पहुंचे और व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। प्राथमिक विद्यालय छित्तूपुर में 53 नामांकित बच्चों में से 50 उपस्थित रहे। प्रधानाध्यापक ने अनुपस्थित बच्चों के अभिभावकों को सूचना दी। बच्चों ने बताया कि प्रश्न आसान थे और किताब से ही आए थे। प्राथमिक विद्यालय भागलपुर में लगभग 80 में से 75 बच्चे उपस्थित रहे। यहां कुछ बच्चों को दो सवाल थोड़े कठिन लगे, पर अधिकांश प्रश्नपत्र आसान था। शिक्षक प्रिती त्रिपाठी ने बेहतर परिणाम की उम्मीद जताई।
-
बरहज में रही कम उपस्थिति
- बरहज नगर-क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में अर्धवार्षिक परीक्षा में छात्रों में उत्साह की कमी दिखी। बुधवार को कक्षा छह, सात और आठ के विद्यार्थियों का सामाजिक विज्ञान और अंग्रेजी का प्रश्नपत्र था। कुछ प्रश्न उलझा देने वाले थे, जिससे छात्र उलझते देखे गए। परीक्षा 21 नवंबर तक पूरी होनी है। पैना, भलुअनी, मगहरा, करुअना और कपरवार सहित कई क्षेत्रों में उपस्थिति में कमी दर्ज की गई। कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय कपरवार में अंग्रेजी की दूसरी पाली की परीक्षा में उपस्थिति बहुत कम थी। कक्षा छह में 11 में से चार, कक्षा सात में एक और कक्षा आठ में 23 में से 11 छात्र ही उपस्थित थे। प्रभारी प्रधानाध्यापक अमीर चंद गुप्त अवकाश पर थे, और प्रभार श्वेता राय देख रही थीं। शिक्षकों ने स्व-जनगणना और बीएलओ जैसी अतिरिक्त ड्यूटी को शिक्षण कार्य में बाधा बताया। बीईओ जयप्रकाश मौर्य ने इस संबंध में ज्यादा जानकारी न होने की बात कही।