देवरिया। लगातार हो रही बारिश के चलते सलेमपुर तहसील क्षेत्र के बिंदवलिया गांव में रोजगार सेवक कमल मिश्र का पुराना मकान शनिवार को भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे में गेहूं, कपड़े, बक्से समेत घर-गृहस्थी का अन्य सामान दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। परिजन के अनुसार, हादसे में लाखों रुपये का सामान नष्ट हुआ है।
क्षेत्र में तीन दिन से रुक-रुककर बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण मिट्टी का पुराना मकान कमजोर हो गया था। शनिवार को गांव के रोजगार सेवक कमल मिश्र का अचानक मकान भरभराकर गिर पड़ा। संयोग ठीक रहा कि मकान गिरने से कुछ समय पहले ही परिवार के लोग बाहर निकल गए थे। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया और परिवार का कोई सदस्य घायल नहीं हुआ। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने और गृहस्थी का सामान सुरक्षित करने की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कराकर क्षति का आकलन कराने और पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
एसडीएम क्षितिज द्विवेदी ने बताया कि क्षति का आकलन कराया जाएगा। इसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।