तरकुलवा। भीषण गर्मी में गांवों में लगे ट्रांसफॉर्मर और बिजली उपकेंद्र पर लगे उपकरण भी जवाब देने लगे हैं। मंगलवार की रात में बघौचघाट उपकेंद्र पर लगा पांच एमवीए का ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया। इससे उपकेंद्र के करीब डेढ़ सौ गांवों की आपूर्ति ठप हो गई।
इसकी वजह से क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सुबह से ही बिजली विभाग के अफसर बिजली कर्मचारियों के साथ मिल कर खराबी ठीक करने की जद्दोजहद करते रहे, लेकिन शाम तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। बिना बिजली के लोगों के दिन बेचैनी में ही कटे।
मिली जानकारी के अनुसार, उपकेंद्र से बघौचघाट, पकहा, विशुनपुरा और बनकटा फीडरों के बघौचघाट, केडी चौराहा, पकहा, विशुनपुरा बाजार आदि चौराहा सहित करीब डेढ़ सौ गांवों को बिजली आपूर्ति होती है। मंगलवार की देर रात उपकेंद्र पर लगे पांच एमवीए के ट्रांसफॉर्मर में स्पार्किंग हुई और बुशिंग के भीतर का एक पार्ट जल गया।
इसके बाद से ही उपकेंद्र की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। सूचना मिलने पर एक्सईएन प्रवीण चौबे, एसडीओ प्रभात मद्धेशिया, जेई टेस्ट डिवीजन मनीष पांडेय, जेई अमित कुमार सहित बिजली निगम के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने खराब पार्ट को देवरिया से मंगवाया, लेकिन वह फिट नहीं बैठा।
इसके बाद रामपुर कारखाना उपकेंद्र से खराब पार्ट को मंगवाया गया, जिसे लगाकर आपूर्ति चालू करने का प्रयास किया गया, लेकिन शाम सात बजे तक केवल विशुनपुरा और बनकटा फीडरों की आपूर्ति चालू हो सकी थी। आपूर्ति ठप होने से लोगों ने रात बेचैनी में काटी। दिन में प्रचंड गर्मी से बेहाल रहे। पानी का भी संकट बना रहा। बघौचघाट के अवर अभियंता अमित कुमार ने बताया कि विशुनपुरा और बनकटा फीडरों की सप्लाई चालू कर दी गई है।