रुद्रपुर। गोर्रा और राप्ती के बीच बसे 21 गांव में 72 घंटे से अंधेरा छाया है। तीन दिन पहले आए आंधी और बारिश में टूटे बिजली के पोल और तार दुरुस्त नहीं होने से विद्युत आपूर्ति शनिवार को भी बहाल नहीं हो पाई। ऐसे में बिजली बिना लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई है। घरों की टंकी से पानी गायब होने और विद्युत उपकरण बंद होने से लोग परेशान है।
29अप्रैल को आई तेज आधी और बारिश के कारण पोल और तार टूट जाने के कारण विद्युत उप केंद्र पचलडी के सिलहटा और ईस्ट फीडर की आपूर्ति बंद है। सिलहटा फीडर के ईश्वरपुरा, सिलहटा, गोनाह सूरतपुरा, करौता, पिंडरा, पिड़री, गौनरिया, मांगा कोडर, जंगल भूसउल, परसौना , जोगिया बुजुर्ग, श्री नगर कोल्हूआ, काशीपुर और उत्तरी फीडर का पलिया, सुल्तानी, भिरवा,, नगवा खास, गाजन डहरौली, सचौली पटवानिया, छपरा बुजुर्ग आदि गांवों में पोल और तार टूट जाने के कारण विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाया है। गांव के लोगों को दूसरे गांव में जाकर मोबाइल चार्ज करना पड़ रहा है। वहीं बिजली निगम के कर्मचारी गांव गांव टूटे पोल और तार की मरम्मत करने में जुटे है। इस बाबत उपखंड अधिकारी विवेक सिंह ने कहा कि टूटे तार और पोल को ठीक कराया जा रहा है। शनिवार की देर शाम तक आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।