गर्मी से निजात के लिए नहाते समय युवक सरयू में लापता
बरहज। क्षेत्र के बरसाथ गांव निवासी रंजीत (24) शुक्रवार को सरयू में स्नान करने के दौरान लापता हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों आदि के साथ काफी तलाश कराई लेकिन, खबर लिखे जाने तक उसका कहीं सुराग नहीं लग सका था। किसी अनहोनी की आशंका से परिजन भयभीत हैं।
रंजीत गांव के ही साथी रामजीत के साथ बरहज आया था। परिजनों का कहना है कि वह बैंक से स्टेटमेंट निकालने की बात कहकर घर से निकला था। लोगों का कहना है कि बैंक में देरी होने के कारण दोनों युवक नदी की ओर चल दिए। गर्मी से निजात के लिए नदी में स्नान करने लगे। इसी बीच रंजीत गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। शोर सुनकर जबतक लोग पहुंचते, वह नदी में लापता हो गया। साथी के न मिलने से रामजीत सदमे में हैं। एसआई अमरनाथ सोनकर, छोटेलाल, अलका तिवारी ने मोटरबोट आदि के जरिए तलाश कराई। मां चंदा देवी, भाई विनोद, बहन बीनू, धर्मावती, हिना को अनहोनी की आशंका सता रही है। थानाध्यक्ष जयशंकर मिश्र ने बताया कि युवक के नदी में लापता होने की सूचना पर पुलिस भेजी गई है। नदी में तलाश कराई जा रही है।