तहसील प्रशासन व आपूर्ति विभाग ने संयुक्त रूप छापा मारकर पकड़ा
मईल चौराहे, तेलिया कलां, भागलपुर, बरठा चौराहे पर मिठाई व चाय के दुकानें हुई बंद
देवरिया। रसोई गैस सिलिंडरों के किल्लत के बीच मिठाई की दुकान, रेस्टोरेंट व होटलों में बड़े पैमाने पर घरेलू सिलिंडरों का उपयोग हो रहा है। शुक्रवार को मईल चौराहे पर तहसील प्रशासन व आपूर्ति विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारकर नौ सिलिंडर बरामद किए। इसकी जानकारी होते ही आसपास के चौराहे के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। घरेलू गैस सिलिंडर का उपयोग करने वाले दुकानदार दुकान बंद कर फरार हो गए।
मईल चौराहे पर दो प्रमुख मिठाई की दुकानों रामा स्वीट हाउस और दिनेश स्वीट हाउस पर छापा पड़ा। रामा स्वीट हाउस से आठ व दिनेश स्वीट हाउस से एक घरेलू रसोई गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिनका व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। बरामद सिलिंडरों में पांच भरे हुए, तीन सिलिंडर भट्टी में उपयोग होते हुए और एक खाली सिलिंडर शामिल था। सभी सिलिंडरों को जब्त कर कलिका गैस एजेंसी, भागलपुर को सुपुर्द कर दिया गया। अभियान में नायब तहसीलदार रविंद्र मौर्या के साथ सप्लाई इंस्पेक्टर अजय कुमार, संजीव त्रिपाठी और भागलपुर गैस एजेंसी के मालिक संजीव जायसवाल भी मौजूद रहे।