नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आरोग्य मेला में महिला का इलाज करते फार्मासिस्ट दीपक वर्मा। संव
देवरिया। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले के उद्देश्य पर जिम्मेदार पलीता लगाने पर जुटे हैं। रविवार को पड़री बाजार और मदनपुर के नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित आरोग्य मेले के दौरान डॉक्टर नहीं पहुंचे। इस दौरान फार्मासिस्ट ने मरीजों का इलाज किया।
मदनपुर संवाद के अनुसार स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित आरोग्य मेले में डॉक्टर नहीं आए। वह इमरजेंसी ड्यूटी के नाम पर मेले से गायब रहे, हालांकि चिकित्साधिकारी के अनुसार उनकी ड्यूटी इमरजेंसी में शाम 4 बजे से थी और वह सुबह 9 बजे से ही इमरजेंसी ड्यूटी के नाम पर गायब हो गए थे। चिकित्सक की गैरमौजूदगी में फार्मासिस्ट ने ही 42 मरीजों का इलाज करके दवा दी।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर दिन में एक बजे तक 42 मरीज पहुंचे थे। फार्मासिस्ट बीपी त्रिपाठी ने बताया कि चिकित्सक इमरजेंसी ड्यूटी में गए हैं। सीएचसी के अधीक्षक डॉ. एसके राव ने कहा कि मदनपुर के डॉक्टर की इमरजेंसी में ड्यूटी रविवार को शाम 4 बजे है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पड़री बाजार संवाद के अनुसार नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री बाजार पर आरोग्य मेला के दौरान कोई चिकित्सक नहीं पहुंचा। इसके चलते यहां तैनात फार्मासिस्ट दीपक वर्मा ने 40 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरित किए। वहीं एलटी सलोनी गुप्ता के छुट्टी पर होने के कारण कोई लैब से संबंधित जांच नहीं हो सकी। जानकारी के मुताबिक यहां पर करीब एक साल से डॉक्टर नहीं आ रहे हैं। खुखुंदू संवाद के अनुसार, न्यू पीएचसी खुखुंदू में रविवार को आरोग्य मेला में कुल 54 मरीजों का इलाज किया गया। आरोग्य मेले में प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ. अंबुज यादव और बीएएमएस डाॅ.जे.पी. मोर्या दोनों उपस्थित रहे। प्रभारी चिकित्साधिकारी डाॅ. अंबुज यादव ने बताया कि बदलते मौसम के चलते सबसे ज्यादा लोग खांसी और बुखार से संक्रमित हो रहे हैं। एकौना संवाद के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पचलड़ी में चिकित्सक डॉ. निधि जायसवाल, फार्मासिस्ट राम सिंगार विश्वकर्मा की मौजदूगी में 29 मरीज देखे गए। बरियारपुर संवाद के अनुसार पथरदेवा ब्लॉक के रामपुर अवस्थी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. योगेश कुमार ने 37 मरीजों की जांच की और दवा बांटी। सरौरा नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. राजेश कुमार ने 31 मरीजों को देखा, इसमें सबसे ज्यादा सर्दी जुकाम बुखार के मरीज आए। वहीं नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बरियारपुर में डॉ. मृणाल की देखरेख में 41 मरीज देखे गए।
भागलपुर संवाद के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भागलपुर आयोजित आरोग्य मेला में 40 मरीजों का हुआ इलाज कर दवा दी गई। इस दौरान डॉ. नूर आयसा ने मरीजों को ठंड से बचाव करने की सलाह दी।