भागलपुर पुल के पास सड़क पर पुलिस द्वारा लगाया कांटेदार पट्टा
देवरिया। पशु तस्करी रोकने के लिए देवरिया पुलिस बिहार बार्डर पर 24 घंटे निगरानी का दावा कर रही है। बघौचघाट के पकहां में सीसीटीवी कैमरा लगा दिया गया है, तो मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर पुलिस चौकी के पास लोहे की प्लेट में नुकीली छड़ की बेल्डिंग कर सड़क पर रखी है।
इसके बावजूद शनिवार को दो पिकअप पर लदे गोवंश बिहार के मैरवा थाना क्षेत्र में चले गए और देवरिया पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। पशु तस्कर लंबे समय से प्रदेश की सीमा पार कर बिहार में जाने के लिए देवरिया-कुशीनगर बार्डर के खुले रास्तों का उपयोग करते आ रहे हैं। बीते दिनों गोरखपुर के पिपराइच में पशु तस्करों ने एक युवक की हत्या कर दी, जिसके बाद बड़ा बवाल हुआ था।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर मामले की जांच एसटीएफ ने शुरू की। इसके साथ ही सीएम के निर्देश पर देवरिया-कुशीनगर के एसपी हटा दिए गए। 34 पुलिस कर्मियों का तत्काल तबादला कर दिया गया। देवरिया में पुलिस ने बार्डर पर 24 घंटे निगरानी शुरू कर दी। बार्डर के थानों बघौचघाट, बरियारपुर, बनकटा, श्रीरामपुर, बनकटा, खामपार और लार के इलाके में गश्त बढ़ाने का दावा है। इसके बाद भी पशु तस्कर किसी न किसी रास्ते सीमा पार कर जा रहे हैं। पकहा में लगा है सीसीटीवी कैमरा : बघौचघाट। यूपी बिहार सीमा पर पशु तस्कर और शराब तस्कर ताक में रहते हैं। बघौचघाट थाना क्षेत्र का पकहा और विशुनपुरा बिहार की सीमा से लगती है। दोनों ही जगह पुलिस चौकी है। तस्करी रोकने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों की ड्यूटी लगाई जा रही है। वहीं दोनों चेक पोस्ट पर सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है, ताकि सीमा की निगरानी होती रहे।
चर्चा है कि बिहार जाने के लिए पशु तस्कर सबया मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। विशुनपुरा के अलावा धुसवा चौराहे की तरफ से पशु तस्करों के वाहन सीमा पार चले जा रहे हैं। धुसवा तीन थानों तरकुलवा, कोतवाली और बरियारपुर का चौराहा है। इसके बाद बिहार का विजयीपुर थाना पड़ता है। पकहा चेक पोस्ट पर हमेशा पुलिस तैनात रहती है। इस चेक पोस्ट पर सीसीटीवी कैमरा भी है।