पूरी निष्ठा व पारदर्शिता के साथ करें मतगणना: डीएम
देवरिया। देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के मतगणना की तैयारी में प्रशासन जुटा है। टाउनहाल परिसर स्थित ऑडिटोरियम में रविवार को गणना कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। जिलाधिकारी अमित किशोर ने कहा कि मतगणना का कार्य अत्यंत संवेदनशील है, इसे पूरी निष्ठा व पारदर्शिता के साथ करना होगा। इसके लिए जो भी जानकारी दी जा रही है, उससे पूरी तरह से अवगत हो जाएं। गणना के समय जानकारी से ही कार्य में सुगमता होगी और अपने दायित्वों को पूरी पारदर्शिता से मतगणना के दौरान निर्वहन करेंगे।
उन्होंने कहा कि गणना स्थल महाराजा अग्रसेन कॉलेज में 10 नवंबर को सुबह छह बजे सभी गणना कार्मिकों को पहुंचना होगा। वे अपने साथ परिचय पत्र अवश्य लाएं। कहा कि हर राउंड में किस उम्मीदवार को कितने मत मिले हैं, उसे निर्धारित प्रारूप पर अंकित करना होगा तथा उस पर गणना एजेंटों का भी हस्ताक्षर कराना होगा। मुख्य विकास अधिकारी शिवशरणप्पा जीएन, जिला विकास अधिकारी श्रीकृष्ण पांडेय, उपनिदेशक बचत विजय नाथ मिश्रा, प्रशिक्षक निषेश कुमार ने कार्मिकों को गणना की बारीकियों से अवगत कराया।