बीईओ व एडीओ पंचायत का वेतन रोका
देवरिया। जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति तथा जनपद एवं ब्लॉक स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक विकास भवन के गांधी सभागार में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बुधवार की शाम हुई। इसमें बरहज ब्लॉक में कायाकल्प के तहत चहारदीवारी निर्माण में लापरवाही बरतने पर खंड शिक्षा अधिकारी तथा एडीओ पंचायत का वेतन रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशानुरूप कार्य न करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने समीक्षा में पाया कि कायाकल्प के तहत बरहज ब्लॉक के परिषदीय विद्यालयों में वर्तमान में चहारदीवारी निर्माण का कार्य नहीं चल रहा है, जबकि 24 विद्यालयों में चहारदीवारी निर्माण का कार्य लंबित है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और बीईओ तथा एडीओ पंचायत का मई माह का वेतन रोकने का निर्देश दिया। बीएसए संतोष कुमार राय ने बताया कि जनपद में 179 विद्यालयों को विद्युत संयोजन उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके सापेक्ष 92 विद्यालयों में विद्युत संयोजन उपलब्ध करा दिया गया है। जिले में प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के 232 भवनों को जर्जर एवं ध्वस्तीकरण के लिए चिह्नित किया गया है। डीएम ने कहा कि मानसून से पूर्व इन सभी विद्यालयों की मरम्मत व ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए। 19 विद्यालय हैंडपंप विहीन तथा 88 विद्यालयों में हैंडपंप रीबोर कराने का कार्य प्रस्तावित है। डीएम ने अधिशासी अभियंता जल निगम (ग्रामीण) को सभी विद्यालयों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कार्यों को समय से कराने का निर्देश दिया। इस दौरान सीडीओ रवींद्र कुमार, डीडीओ श्रवण कुमार राय, पीडी संजय पांडेय, डीएसओ विनय कुमार, डीपीआरओ अविनाश कुमार, डीपीओ कृष्णकांत राय, डीएफएमओ बीसी गौतम, डीसी मनरेगा बीएस राय आदि मौजूद रहे।