बरहज । उग्रसेन सेतु के बार-बार क्षतिग्रस्त होने से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। रामजानी मार्ग पर कपरवार स्थित उग्रसेन सेतु के समानांतर एक नया पुल बनाने का रास्ता साफ हो गया है। मंजूरी मिलने के साथ ही पुल निर्माण के लिए संबंधित विभाग को डीपीआर तैयार करने व टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुल बनाने के लिए मंजूरी की खबर से क्षेत्र के लोगों में खुशी है और यह उनके लिए दिवाली के तोहफे से कम नहीं। नया पुल बन जाने से लंबे समय से जर्जर उग्रसेन सेतु पर निर्भरता खत्म होगी और रामजानकी मार्ग से आवागमन करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी। एनएच के अधिकारियों के अनुसार, नए पुल के निर्माण की लागत का आकलन करने के लिए जल्द ही सर्वे कराया जाएगा। इसके आधार पर डीपीआर तैयार कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कपरवार में राप्ती नदी पर 1986 में 13 पिलर पर उग्रसेन सेतु का निर्माण कराया गया था। करीब चार दशक पुराने इस पुल पर लगातार वाहनों का दबाव बढ़ने से इसकी स्थिति खराब हो गई।
बार-बार मरम्मत के बावजूद पुल क्षतिग्रस्त हो रहा है। 27 अक्तूबर 2026 को पुल चौथी बार क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद दोपहिया वाहनों और पैदल राहगीरों को छोड़कर अन्य वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया। पुल की लगातार बिगड़ती स्थिति और आवागमन में आ रही दिक्कतों को देखते हुए एनएच-227ए के परियोजना निष्पादन इकाई (पीईयू) और सड़क व राजमार्ग मंत्रालय (मोर्थ) के परियोजना निदेशक नुसरतउल्लाह खान ने विभाग को उग्रसेन सेतु के समानांतर नया पुल बनाने का प्रस्ताव भेजा था। अब शासन से मंजूरी मिलने के बाद डीपीआर और टेंडर की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। संवाद