खुखुंदू। थाना क्षेत्र के मझगांवा में मजदूरी के रुपये के लेनदेन को लेकर सगे भाइयों ने सोमवार रात में मां और भाई की पिटाई कर दी। इसकी जानकारी मामा को हुई तो उन्होंने विरोध जताया। इस पर दोनों भांजों ने मंगलवार की सुबह मामा को भी जमकर मारापीटा। जानकारी होने पर पुलिस पहुंची तो आरोपी भाग निकले।
मझगांवा निवासी प्रदीप चौरसिया (32) पुत्र यदुनंदन चौरसिया का गांव में मकान निर्माण का कार्य चल रहा है। इसमें उनका छोटा भांजा कन्हैया चौरसिया (25) मजदूरी करता है। प्रदीप का कहना है कि भांजे को समय-समय पर मजदूरी जोड़कर दे दिया गया है, लेकिन उसके बड़े भाई मानने को तैयार नहीं है। सोमवार रात में करीब नौ बजे दोनों बड़े भाई घर पहुंचे और अपने छोटे भाई कन्हैया और मां मीरा देवी (48) से मजदूरी के रुपये मांगने लगे। ऐसा नहीं करने पर मां और भाई की पिटाई कर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को नजदीक के अस्पताल भेजवाया। उधर, आरोप है कि जब मंगलवार सुबह मामा प्रदीप चौरसिया दरवाजे पर पहुंचकर पिटाई का विरोध किया तो उसे भी बेरहमी से मारापीटा। पीड़ित ने थाने पहुंच कर तहरीर दी है। एसओ दिनेश कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच कर आवश्यकता कार्रवाई की जाएगी।