सलेमपुर। सहोदरा देवी क्रिकेट एकेडमी के तत्वावधान में बापू इंटर कॉलेज मैदान में चल रहे स्व. अश्विन चौरसिया मेमोरियल अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला देवांश क्रिकेट एकेडमी और सलेमपुर की बीच खेला गया। इसमें देवांश क्रिकेट एकेडमी ने 78 रन से सलेमपुर को हराकर ट्राॅफी पर कब्जा कर लिया। मैच का शुभारंभ कॉलेज के प्रधानाचार्य संतोष चौरसिया ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए देवांश क्रिकेट एकेडमी ने 20 वें ओवर में सभी विकेट खोकर 154 रन बनाए, जिसमें लकी ने शानदार 62 रन बनाए। सलेमपुर की तरफ से गेंदबाजी करते हुए गगन ने तीन और आदिल ने दो विकेट लिए। 155 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सलेमपुर की पूरी टीम 17 ओवर में 76 रनों पर सिमट गई, जिसमें अनुज ने 21 और नैतिक ने 18 रन बनाए।
देवांश क्रिकेट एकेडमी की तरफ से अतुल ने पांच और आर्यन ने तीन विकेट लिए। देवांश क्रिकेट एकेडमी से मैन ऑफ द सीरीज आर्यन सिंह, बेस्ट फील्डर सलेमपुर के अनुज सिंह को दिया गया।
मैच का समापन समारोह बापू इंटर कॉलेज सलेमपुर के प्रधानाचार्य संतोष प्रसाद चौरसिया के हाथों किया गया। मैच के दौरान कोच शैलेन्द्र प्रताप सिंह, मुरारी चरण, मिक्कू सिंह, आशुतोष पाठक, राकेश सिंह, राजा, राकेश यादव, आदित्य सिंह मौजूद रहे।