महिला से लेकर बच्चे पैमाइश के बाद अवैध मकानों पर बुलडोजर चलाने की बात कर रहे हैं, हालांकि प्रशासन के जिम्मेदार पैमाइश के बाद अगली कार्रवाई की स्थिति पर चुप्पी साधे बैठा है, जिसको लेकर अटकलों का बाजार गर्म है। गांव के अधिकांश पुरुष घर छोड़ कर फरार हैं। घटना के दिन से ही अपर पुलिस अधीक्षक राजेश सोनकर गांव में कैंप कर रहे हैं।
सोशल मीडिया के प्लेटफार्मों पर प्रेम यादव के समर्थन में विभिन्न संगठन के लोग उनके घर समर्थन में पहुंचने की अपील कर रहे हैं, इसमें संभावित बुलडोजर की कार्रवाई के विरोध में जुटने को कहा जा रहा है। जिसको देख पुलिस गांव में आने जाने वालों से कड़ा रुख अख्तियार कर सकती है।
रविवार को गांव में 16 की जगह बीस पुलिस की टीम लगाकर निगेहबानी की जा रही है। पुलिस की साइबर टीम सोशल मीडिया पर अराजकता फैलाने वालों पर नजर जमाए हुए है। पैमाइश स्थल पर चारों तरफ पुलिस जगह-जगह खड़ा रहने का खाका तैयार कर चुकी है।
ये है पूरा मामला
बता दें कि देवरिया जिले में रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव में बीते सोमवार को सुबह छह बजे जमीन के विवाद में एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। इससे गुस्साएं पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर में घुसकर पति, पत्नी और उसके तीन संतानों को गोली मारकर और धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी, जबकि एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है।