रुद्रपुर। एक माह पहले घर पर पत्नी और दुधमुंहे बच्चे को छोड़ कर निकले एक शख्स ने डाक से पत्नी को तलाक के पेपर भेज दिए। जिसे देख पत्नी के अब होश उड़े हैं। पति के तलाक भेजने के बाद ससुरालियों का रुख भी बदल गया है, उन्होंने विवाहिता को पीट कर घर से निकाल दिया है। पीड़ित महिला ने पुलिस से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस मामले में आरोपियों पर केस दर्ज कर जांच में जुटी है।
नगर के मछरहट्टा वार्ड निवासी नगमा कुरैशी ने पुलिस से बताया कि तीन साल पहले उसकी शादी इरफान कुरैशी से हुई। उसका मायका बरहज में है, दोनों से एक दस माह का बेटा भी है। बीते माह 20 जुलाई को उसका पति बिना बताए कहीं चला गया। काफी खोजबीन के बाद भी कुछ पता नहीं चला। तीन अगस्त को डाकिया से उसे एक रजिस्ट्री प्राप्त हुई, जिसे खोल कर देखा तो वह दंग रह गई। उसके पति ने डाक से उसे तलाक भेज दिया है। इधर, पुलिस ने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज की। प्रभारी रतन कुमार पांडेय ने कहा कि अभियोग पंजीकृत कर मामले की विवेचना की जा रही है।