फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Deoria News: घरों में बंद हुए फतेहपुर वाले, खिड़कियों से झांक रहीं आंखों में नजर आया खौफ; दुबके बच्चे-महिलाएं

Tue, 10 Oct 2023 12:20 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, देवरिया

सार

देवरिया सामूहिक हत्याकांड के बाद लोगों में खौफ है। लेहड़ा टोले में अंजान लोगों की भीड़ जुटती देख बच्चे और महिलाएं घरों में दुबक गए। घरों की खिड़कियों से झांक रहीं आंखों में खौफ नजर आया। पैमाइश के दौरान गांव के लोग घरों से नहीं निकले।
विज्ञापन
देवरिया हत्याकांड - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देवरिया के फतेहपुर गांव में बीते कई दिनों से खौफ के साए में जी रहे ग्रामीणों की मुसीबत सोमवार को तब और बढ़ गई जब बाहर से आए लोगों ने पैमाइश के दौरान बवाल कर दिया। हालांकि ग्रामीणों को इसकी आशंका पहले से थी, इसीलिए वे अपने घरों से निकले ही नहींं। मकान की खिड़कियों से झांक रहीं आंखों में खौफ साफ नजर आया।
विज्ञापन


सुबह करीब 11 बजे से पैमाइश शुरू हो गई। राजस्व की टीम जरीब गिराती गई और लोगों की भीड़ बढ़ती गई। दोपहर 12 बजे के बाद सैकड़ों की संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। सपा नेता भी मौके पर पहुंच गए। नारेबाजी शुरू हुई और व्यवधान डालने का प्रयास किया गया। धीरे-धीरे पुलिस के जवानों की संख्या भी बढ़ गई। 

उधर, गांव में बाहरी लोगों की भीड़ देख ग्रामीणों की बेचैनी बढ़ गई। बवाल होने की आशंका का खौफ ग्रामीणों के चेहरों पर साफ दिखा। भीड़ और पुलिस की सख्ती बढ़ने के साथ ही अधिकांश घरों का दरवाजा बंद हो गया।
विज्ञापन


सोशल मीडिया पर प्रेम यादव के समर्थन में जुटने की अपील पर गांव के लोग कुछ बवाल होने को लेकर सशंकित थे। बच्चे अपने घरों से सुबह से ही नहीं निकले। रोजमर्रा के सामान की खरीदारी के लिए भी लोग गांव के चौराहे पर नहीं पहुंचे। सुबह दस बजे गांव के हर रास्ते पर बाइक सवारों की भीड़ जुटने लगी। कई घरों के सामने युवक बाइक खड़ी कर पैमाइश स्थल पर पहुंच गए। इसको देख गांव में धीरे-धीरे पुलिस और पीएसी की गश्त भी बढ़नी शुरू हो गई।

पैमाइश के दौरान पुलिस ने भीड़ पर लाठियां भांजनी शुरू की तो गांव वालों ने अपने घरों का दरवाजा बंद कर लिए। इस दौरान दूसरे गांव से आए लोगों को खेत के रास्ते भागना पड़ा। शाम को पैमाइश पूरा होने के बाद गांव वालों ने राहत की सांस ली। हालांकि गांव में पुलिस की बीस टीमें लगाई गई हैं। वह हर मोड़ पर लगातार कैंप कर रही है। पुलिस गांव में आवाजाही करने वालों से पूछताछ कर रही है।
 

चौराहे पर हंगामा...सहमे स्कूली बच्चे
फतेहपुर गांव में पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेमचंद यादव के मकान की पैमाइश के विरोध में हुए हंगामे के दौरान क्षेत्र के स्कूली बच्चे दहशतजदा रहे। बैरियाघाट चौराहे पर हंगामे के बीच स्कूली छात्रों की छुट्टी कर दी गई। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस को देख चौराहे से गुजर रहे विद्यार्थी सहम गए। हंगामे के बीच किसी तरह वे घर पहुंचे।

चौराहे पर हंगामे की सूचना पर अधिकांश अभिभावक भी तत्काल बच्चों को लाने के लिए पहुंच गए। सोमवार को बैरियाघाट पर करीब तीन घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा। फतेहपुर गांव के अभयपुर टोले में पैमाइश के दौरान हंगामे की आशंका को देखते हुए अभयपुर और भटौली टोले के परिषदीय स्कूलों में बच्चों को अभिभावकों ने स्कूल नहीं भेजा। 

 

घटना के दिन से ही स्कूलों में सन्नाटा पसरा है। वहीं चौराहे के प्राइवेट स्कूलों में बच्चे पढ़ने पहुंचे थे। बैरियाघाट चौराहे पर प्रदर्शन के बारे में जानकारी जुटाने में पुलिस का खुफिया तंत्र भी फेल हो गया। अचानक सैकड़ों युवक सड़क पर पहुंच गए और जाम लगा दिया।

 

अचानक इस प्रदर्शन को देख चौराहे के दुकानदार सन्न रह गए। पुलिस के पहुंचने के बाद प्रदर्शनकारी तितर-बितर हुए। दोबारा दो बजे हंगामे के बीच ही प्राइवेट स्कूल वालों ने बच्चों की छुट्टी कर दी।
विज्ञापन

चौराहे पर प्रदर्शनकारी और पुलिस के बीच फतेहपुर में जाने को लेकर बहस चल रही थी और बीच से प्राइवेट स्कूलों के प्राथमिक और जूनियर के स्कूली छात्रों की आवाजाही शुरू हो गई। कुछ लोगों ने प्रदर्शन स्थल के किनारे से स्कूली छात्रों को उनके घर जाने का रास्ता दिया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें