देवरिया महोत्सव में धमाके की धमकी देने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। प्रयागराज माघ मेले को श्मशान बनाने और देवरिया महोत्सव में धमाका करने की धमकी का मैसेज भेजने के आरोप में पकड़े गए युवक के बताने पर पुलिस एक युवक की तलाश कर रही है। हालांकि उसकी सही लोकेशन नहीं मिल पा रही है। उसके पकड़े जाने के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा।
रामपुर कारखाना पुलिस ने विशुनपुर चिरकिरवा गांव निवासी के एक शख्स को बृहस्पतिवार की रात रामपुर कारखाना, स्वॉट और सर्विलांस टीम ने हिरासत में ले लिया। उसके मोबाइल से प्रयागराज माघ मेला को श्मशान और देवरिया महोत्सव में धमाका करने की धमकी वाला मैसेज वायरल हुआ था। उसने पुलिस को बताया कि सितंबर महीने में मेरा मोबाइल गुम हो गया था। मैंने मैसेज नहीं भेजा है। उसने एक युवक का नाम बताया। उसके बताने के हिसाब से सर्विलांस टीम ने जांच की तो कुछ सच्चाई लगी। उसकी तलाश की जा रही है। उसके मिलने पर ही मामले का पटाक्षेप हो पाएगा। सीओ सिटी निष्ठा उपाध्याय ने बताया कि जांच की जा रही है। जल्द ही सफलता मिल जाएगी।