देवरिया। शहर के उमानगर के वार्ड नंबर पांच निवासी एक व्यक्ति की सउदी अरब में मौत हो गई। वह वहां वेल्डर का कार्य करते थे। उनके निधन की सूचना के बाद परिजनों का रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने उनकी डेडबॉडी के लिए गुहार लगाई है। परिजनों ने डीएम को पत्रक देकर डेडबॉडी मंगवाने की बात कही है। परिजनों ने रविवार को विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी को जानकारी हुई तो परिजनों से मुलाकात कर उनका ढांढस बंधाया। विजय शंकर के परिजनों ने डेडबाॅडी मंगाने की उनसे अपील की है। विधायक ने परिजनों को उनकी मदद करने का भरोसा दिया।
शहर के उमानगर के वार्ड नंबर पांच निवासी विजय शंकर विश्वकर्मा (50) पुत्र रामकरण विश्वकर्मा सऊदी अरब में गैस वेल्डर का काम करते थे। उनकी पत्नी लीलावती देवी ने बताया कि करीब 20 वर्षो से वह सऊदी अरब में है। वह परिवार के भरण-पोषण के लिए एक कम्पनी में गैस वेल्डर का काम करते थे। जिनकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई। उन्होंने बताया कि वह 26 जनवरी को घर से फोन कर हालचाल जानने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद से लगातार उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन इसके बाद भी संपर्क नहीं हुआ तो परिजन परेशान हो गए। इसी बीच दो फरवरी रविवार को सऊदी अरब से सूचना मिला कि विजय शंकर इस दुनिया में नहीं रहे।