- सड़क से बनेगी बेहतर कनेक्टिविटी, आवाजाही होगी सुगम
- ढाढ़ा चीनी मिल तक गन्ना पहुंचाना होगा आसान, किसानों की होगी आर्थिक तरक्की
- 79 करोड़ की लागत से 10 मीटर चौड़ी की जाएगी सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। देवरिया से हाटा को जोड़ने वाली सड़क को 79 करोड़ रुपये की लागत से नए सिरे से बनाया जाएगा। पहले से अधिक चौड़ी बनने वाली यह सड़क क्षेत्र के किसानों की आर्थिक खुशहाली का पैगाम लेकर आएगी। इससे होने वाली बेहतर कनेक्टिविटी से हाटा के ढाढ़ा चीनी मिल तक किसानों की पहुंच आसान होगी। साथ ही, व्यापारियों की माल की आवाजाही में आसानी होगी। इससे क्षेत्र में तरक्की के द्वार खुलेंगे।
हाटा एकीकृत देवरिया जिले की प्रमुख तहसील रही है। देवरिया से हाटा का गहरा नाता है। दोनों जगहों के आमजन और व्यापारी एक से दूसरी जगह आते-जाते हैं। इसको जोड़ने वाली करीब 30 किमी सड़क में से 20 किमी का हिस्सा देवरिया जिले में पड़ता है। यह सड़क वर्तमान में महज सात मीटर चौड़ी है। लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क को चौड़ा करने का प्रस्ताव तैयार किया है।
साथ ही, चौड़ाई 10 मीटर की जाएगी। इसे पुरवां से बनाया जाएगा। रास्ते में पड़ने वाली पुल और पुलिया भी को भी चौड़ा किया जाएगा। इसके बन जाने से हाटा तक कनेक्टिविटी आसान हो जाएगी। इस रास्ते पर गाड़ियों का आवागमन तेज होगा। इससे समय की बचत होगी। अच्छी सड़क बनने से यात्रा सुविधाजनक हो जाएगी।
देवरिया-हाटा मार्ग पर रास्ते में पड़ने वाले बाजारों में सड़क किनारे नाली और इंटरलॉकिंग भी प्रस्तावित है। पुरवां में एक किमी, पांडेय चक में 500 मीटर, बलटिकरा में एक किमी, महुआडीह में 1.4 किमी, हरैया बसंतपुर में 500 मीटर और रामपुर गौनरिया में 700 मीटर लंबी नाली बनाई जाएगी। सड़क किनारे इंटरलॉकिंग की जाएगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के इन बाजारों का स्वरूप बेहतर होगा। जलभराव की समस्या से निजता मिलेगी।
..
15 हजार वाहनों का लोड है सड़क पर
देवरिया से हाटा की सड़क पर यातायात का दबाव काफी अधिक रहता है। इस सड़क से प्रतिदिन 15,500 पैसेंजर वाहन गुजरते हैं। इससे सड़क पर अक्सर यात्रा करने में अधिक समय लगता है। नई सड़क से इस समस्या से निजात मिलेगी।
..-
किसानों की तरक्की का द्वार खोलेगी सड़क
देवरिया में एकमात्र चीनी मिल प्रतापपुर में संचालित है। यहां अधिकतर बिहार के किसानों का गन्ना आता है। दूसरी कोई चीनी मिल जिले में नही है। जिला मुख्यालय के उत्तर नहर और जोत की अच्छी जमीन होने से यहां गन्ना की पैदावार अच्छी होती रही है, पर गन्ने को बेचने के लिए किसानों को प्रतापपुर या फिर हाटा के पास ढाढ़ा चीनी का विकल्प होता है। सड़क चौड़ी और बेहतर होने से किसान आसानी से ढाढ़ा चीनी मिल तक गन्ना पहुंचा सकेंगे।
..
कोट
देवरिया से हाटा मार्ग पर जिले में पड़ने वाले 20 किमी हिस्से का चौड़ीकरण कराया जाएगा। इसके लिए 79 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार किया गया है। यह सड़क मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में से एक है। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री ने पड़ियापार की जनसभा में की थी। सड़क के कुशीनगर वाले हिस्से का निर्माण वहां की पीडब्ल्यूडी कराएगी।
-पीपी सिंह, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग