---
- सीएम को संबोधित 16 सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम सदर को सौंपा
- उत्तर प्रदेश शिक्षक महासंघ के बैनर तले बीएसए कार्यालय में जुटे थे शिक्षक
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। सामूहिक अवकाश लेकर शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद किया। बीएसए कार्यालय में जुटे शिक्षकों ने सरकार की शिक्षक विरोधी नीतियों को कोसा।शिक्षकों ने मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा तथा कार्रवाई न होने पर और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
उत्तर प्रदेश शिक्षक महासंघ के जिला इकाई के अध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह और संयोजक अवधेश सिंह की अगुवाई में शिक्षकों का हुजूम बीएसए कार्यालय पर एकत्र हुए। यहां से प्रदर्शन करते हुए शिक्षक कलेक्ट्रेट जाना चाह रहे थे। विकास भवन के सामने वाली सड़क पर जिला प्रशासन ने उन्हें रोक लिया। यहां एसडीएम सदर दिनेश कुमार मिश्र को 16 सूत्रीय मांग पत्र दिया। मांगे नहीं माने जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई। बीएसए कार्यालय में हुई सभा को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार के तीन साल के कार्यकाल में शिक्षक विरोधी कार्य किए जा रहे हैं। अधिकारी शिक्षा और शिक्षक विरोधी आदेश निर्गत कर रहे हैं जो शिक्षकों के सेवा शर्तों पर कुठाराघात और शिक्षकों को अपमानित करने का कुचक्र है।जिला संयोजक अवधेश सिंह ने कहा कि सरकार की तानाशाही और हठधर्मिता के चलते शिक्षकों की एक-एक सुविधाएं छिनती जा रही हैं। विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के डॉ. रामसूरत ने कहा कि शिक्षकों की समस्याएं एक साथ मिलकर लडने से ही समाप्त होंगी। उत्तर प्रदेश अनुसूचित प्राथमिक शिक्षक संघ के मिश्रीलाल यादव ने कहा कि शिक्षकों की उपेक्षा से कई राज्यों में सत्ता पलट हुई है। धरना को दिनेश मणि त्रिपाठी, डॉ. सत्यप्रकाश सिंह, आनंद प्रकाश यादव, डॉ. रामअवतार वर्मा, विजय भारत सिंह, जय प्रकाश मणि आदि शिक्षकों ने संबोधित किया। इस अवसर पर बैजनाथ मणि त्रिपाठी, राजेश गुप्त, नित्यानंद यादव, संजय मिश्र, कृपाशंकर मिश्र, ब्रह्मा सिंह, प्रेमचंद्र मिश्र, नीरजा सिंह, सरिता जायसवाल, सुजाता मिश्र, स्वर्णलता मिश्र, शिखा जायसवाल, नीलम यादव, सुशील यादव, निर्भय राय, संजय सिंह, आलोक सिंह, शाकिर अली समेत तमाम प्राथमिक, उच्च प्राथमिक, माध्यमिक और महाविद्यालयों के शिक्षक मौजूद रहे।