देवरिया/बरहज। भलुअनी कस्बा निवासी मनीष उर्फ मोनू सिंह की चाकू मारकर हत्या के बाद शव पोस्टमार्टम के बाद मिलने में देर होने से नाराज लोगों ने मेडिकल कॉलेज के पोस्टमार्टम हाऊस पर हंगामा शुरू कर दिया। कुछ लोग पोस्टमार्टम हाऊस परिसर में पहुंच गए। लोगों का आरोप था कि पुलिस जानबूझकर शव देने में देर कर रही है। किसी तरह से समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया। इसके बाद शव भलुअनी कस्बे में ले जाया गया तो वहां देवरिया-बरहज मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया।
करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद एएसपी दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने सभी मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार और कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। शव का अंतिम संस्कार देर रात बरहज के कटइलवा घाट पर कराया गया।
पोस्टमार्टम के दौरान सैंथवार महासभा के अध्यक्ष वकील सिंह, उपाध्यक्ष चंद्रदेव सिंह, महामंत्री रणविजय सिंह समेत तमाम लोग पहुंचे थे। शाम करीब चार बजे लोग हत्या के आरोपियों का एनकाउंटर करने और उनके घरों पर बुलडोजर चलवाने की मांग करने लगे।
इसके बाद शव को जल्द देने को लेकर कहासुनी होने लगी। लोगों का कहना था कि पोस्टमार्टम के बाद जानबूझकर पुलिस ने शव रोक रखा। इससे पोस्टमार्टम हाऊस पर माहौल गरमाने लगा। जानकारी पर देवरिया कोतवाली पुलिस के अलावा सलेमपुर और सुरौली पुलिस भी मौके पवर पहुंची। कुछ लोग इस दौरान पोस्टमार्टम हाऊस के अंदर जाने लगे, जिन्हें पुलिसकर्मियों ने समझा बुझाकर निकाला।
शाम करीब पांच बजे शव लेकर लोग भलुअनी पहुंचे। वहां पहुंचते ही कस्बे की मुख्य सड़क पर लोगों ने फिर जमा लगा दिया।
शाम करीब छह बजे लोग मुख्य चौक जाम करते हुए धरना पर बैठ गए। पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी होने लगी। देवरिया-बरहज मार्ग जाम होने पर सड़क पर वाहनों की कतार लग गई।
कुछ देर बाद एसडीएम प्रवीण कुमार, सीओ रंजना सचान ने पहुंचकर बातचीत शुरू की। सुरक्षा के लिए भलुअनी के अलावा बरहज, खुखुंदू, मदनपुर, मईल, सलेमपुर, सुरौली और देवरिया कोतवाली पुलिस को बुलाया गया। पीएसी जवानों ने भी मोर्चा संभाला। धरना पर बैठे लोग हत्यारोपियों का फुल एनकाउंटर, उनके घरों पर बुलडोजर चलाने के साथ दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई, पीड़ित परिवार को मुआवजा, सरकारी नौकरी आदि मांगें कर रहे थे।
रात में करीब साढ़े आठ बजे एएसपी दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने धरना दे रहे लोगों की एसपी अभिजीत आर शंकर से बात कराई। एसपी ने पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की जानकारी देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश देने और अन्य मांगों पर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम खत्म हुआ और लोग शव के अंतिम संस्कार को तैयार हुए। देर शाम शव को अंतिम संस्कार के लिए बरहज के कटइलवा घाट पर भेजा गया।