देवरिया। शहर के भीखमपुर रोड निवासी दीपक कुमार यादव का चयन अरुणाचल प्रदेश की अंडर-19 क्रिकेट टीम में हुआ है। वह अपनी टीम की ओर से 1 से 4 दिसंबर तक होने वाली कूच बिहार ट्रॉफी में खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं।
संजय कुमार यादव और बसंती देवी के बेटे दीपक कुमार यादव शहर के भीखमपुर रोड में रहते हैं। तीन भाई और एक बहन में दीपक सबसे छोटे हैं। उन्होंने देवरिया शहर के भुजौली कॉलोनी क्रिकेट ग्राउंड पर कोच नीरज वाजपेयी से क्रिकेट की एबीसीडी सीखी है। इसके बाद वह अरुणाचल प्रदेश स्टेट किक्रेट बोर्ड से जुड़कर क्रिकेट खेलने लगे।
वह राइट हैंड बैट्समैन हैं और टॉप आर्डर में दूसरे नंबर पर खेलते हैं। दीपक का चयन बीते दिनों प्रथम श्रेणी क्रिकेट प्रतियोगिता कूच बिहार ट्रॉफी के लिए हो गया है। अरुणाचल प्रदेश का पहला मैच मेघालय से एक दिसंबर को होगा।