ट्रैक्टर की चपेट से बाइक सवार व्यवसायी की मौत
गौरी बाजार। कस्बे से दुकान बंद घर जा रहे व्यवसायी की शनिवार की रात ककवल चौराहे के पास ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से मौत हो गई। जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। ट्रैक्टर छोड़कर चालक फरार हो गया।
थाना क्षेत्र के बिशुनपुरा निवासी मिठाईलाल (49) की उपनगर में किराना की दुकान है। शनिवार को वे गोरखपुर बाजार करने गए थे। देर रात दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। गौरी बाजार-हाटा मार्ग पर ककवल चौराहे के समीप मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। प्रभारी थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि घटना देर रात की है। चालक मौके से फरार हो गया। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।