हादसे में घायल मछली विक्रेता की मौत
देसही देवरिया। सड़क हादसे में घायल मछली विक्रेता की इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। इस बात की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौप दिया गया।
रामपुर कारखाना थानाक्षेत्र के हरियापार गांव के राजमंगल साहनी (50) क्षेत्र के मुसहरी चौराहा पर फुटपाथ पर मछली बेेचते थे। गत बुधवार की देर शाम मछली बेचकर वह बाइक से घर लौट रहे थे। चौराहे के पास मोड़ पर किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रुप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया। गंभीर हालत देख चिकित्सकों ने गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालत नाजुक देख वहां से भी चिकित्सकों ने लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। लखनऊ पहुंचते ही शनिवार की देर रात उनकी मृत्यु हो गई। उनके इलाज में गांव के लोगों ने काफी सहयोग किया था। घर के लोग शव को लेकर देवरिया पहुंचे। रविवार को पोस्टमार्टम हुआ। मौत की खबर से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।