हादसे के बाद भाग रहे वाहन की चपेट से टेंपो चालक समेत दो की मौत
रामपुर कारखाना। देवरिया-कसया मार्ग पर मंगलवार की सुबह बभनौली मोड़ के पास डीसीएम साइकिल सवार को चपेट में लेकर भागने लगा। डुमरी चौराहे के पास वाहन को मोड़ते समय सड़क के किनारे ठेला, गुमटी और टेंपो को चपेट में लेते हुए झोपड़ी में घुस गया। टेंपो चालक समेत चार लोग घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। हादसे में टेंपो चालक समेत दो की मौत हो गई।
नगर पंचायत के शिव मंदिर वार्ड निवासी बगेदन (55) की कस्बे में कोयले की दुकान है। सुबह साइकिल से डुमरी चौराहे पर तकादा करने जा रहे थे। देवरिया-कसया मार्ग स्थित बभनौली मोड़ के पास पथरदेवा की तरफ से आ रहे डीसीएम ने पीछे से चपेट में ले लिया। वाहन रुकने के बजाए तेज गति से भागने लगा और डुमरी चौराहा पर चालक पांडेय चक की ओर मोड़ कर भागना चाहा, लेकिन यहां उसने नियंत्रण खो दिया। टेंपो को चपेट में लेते हुए मिठाई के दुकानदार दीपू, ठेला पर चाट बचने वाले विजय राजभर, ठेला दुकानदार पिंटू, पान विक्रेता संजय गौड़ को रौंदते हुए उनकी झोपड़ी में घुस गया। हादसे में टेंपो चालक राधेश्याम (55) निवासी डुमरी सहित दो अन्य भी घायल हो गए। सभी को आसपास के लोगों ने जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां राधेश्याम को डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने डीसीएम में मौजूद चालक को हिरासत में ले लिया है। गंभीर रूप से घायल बगेदन की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई।