चाचा के निधन की सूचना पर पहुंची भतीजी की गिरकर मौत
रामपुर कारखाना। चाचा की मौत की जानकारी मिलने पर भतीजी सांत्वना देने आई। बस से उतरते ही वह चक्कर खाकर सड़क पर गिर पड़ी। सिर में चोट लगने से घटनास्थल पर ही भतीजी की मौत हो गई। परिजन महिला का शव लेकर गांव चले गए।
नगर पंचायत रामपुर कारखाना के नोनिया टोली वार्ड निवासी रामचंद्र (65) छोटे बेटे के साथ दिल्ली रहते थे। बीमारी के चलते उनकी मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार की रात उनका शव घर लाया गया। उनके भाई की पुत्री ज्ञांती देवी का विवाह कुशीनगर के पडरौना में हुआ है। चाचा की मौत की जानकारी मिलते ही वह परिजनों के साथ बस से रामपुर कारखाना के लिए निकल पड़ीं। शुक्रवार को वह दुर्गा मंदिर स्थित चाचा के घर बस से पहुंचीं। सड़क पर ही चाचा का शव रखा था। बस से उतरते ही चाचा का शव देख वह चक्कर खाकर सड़क पर गिर पड़ी। इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दोपहर में ज्ञांती की ससुराल वाले पहुंचे और उनका शव लेकर घर चले गए।