खुखुंदू। मुंडेरा बुजुर्ग गांव में मकान बंटवारे के लिए सगे भाइयों में खूनी संघर्ष हो गया। आरोप है कि बड़े भाइयों ने छोटे भाई के 30 वर्षीय बेटे पर जानलेवा हमला कर लहूलुहान कर दिया। बीच-बचाव करने पर हमलावरों ने घायल के माता-पिता की भी पिटाई कर दी। बेहोशी हालत में युवक को मेडिकल कॉलेज देवरिया में भर्ती कराया गया। पुलिस ने दो आरोपियों को उठाया है। हालांकि अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, मुंडेरा बुजुर्ग गांव निवासी भीम सिंह ने बताया कि बड़े भाइयों ने मकान में आगे हिस्सा ले लिया है। उसे पीछे की तरफ हिस्सा दे रहे हैं। इसकी शिकायत सोमवार को पुलिस से की थी। थाने से जैसे ही घर पहुंचा बड़े भाइयों ने मिलकर बेटे अनिल सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया। जब वह जमीन पर गिर गया तो हमलावरों ने ईंट से भी सिर पर प्रहार कर दिया।
बीच-बचाव करने पर उसे और पत्नी गायत्री देवी को भी मारा-पीटा गया। पीड़ित का कहना है कि बेटा अनिल मेडिकल कॉलेज देवरिया में जीवन और मौत से जूझ रहा है। उधर, पुलिस दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर राहुल कुमार सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।