पांच दिनों से लापता बालिका की हत्या कर शव गन्ने के खेत में फेंका
तरकुलवा। पांच दिनों से लापता बारह वर्षीय बालिका का शव अर्द्धनग्न हालत में बुधवार की शाम गन्ने के खेत से मिला। मौके पर काफी संख्या में भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कई दिनों से खेत में शव पड़ा होने से दुर्गंध उठ रही थी। बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका भी जताई जा रही है। सुबह ही बालिका की मां ने पुलिस को तहरीर देकर अपनी पुत्री के गायब होने के बारे में बताया था।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बुधवार की सुबह पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि उसकी पुत्री छह जून की शाम को खेलने के लिए कह घर से निकली, लेकिन वह वापस नहीं लौटी है। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चल सका है। इसी बीच शाम को कुछ लोगों ने देखा कि गन्ने के खेत में मृत पड़ी हुई है। यह खबर गांव में पहुंची तो मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव की स्थित को देखकर पुलिस आशंका है कि उसकी हत्या कई दिन पहले कर दी गई है। शव अर्द्धनग्न हालत में देखकर दुष्कर्म की भी आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई थी। परिजन बालिका की हत्या कर शव फेंक देने की बात पुलिस से कह रहे थे लेकिन, हत्या के कारणों का पता नहीं चल पा रहा था। एसओ प्रदीप शर्मा ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चल सकेगा कि मौत कैसे हुई है। पांच दिनों से बालिका घर से लापता थी।
राज न खुले इस नाते कर दी हत्या
पांच दिनों से लापता बालिका की हत्या में शामिल शातिर ने राज खुलने के डर से हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की आशंका व्यक्त की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर पुलिस की निगाह टिकी हुई है कि बालिका की हत्या कैसे की गई। अगर रिपोर्ट में मामला दुष्कर्म का आता है तो पूरी संभावना है कि घटना को अंजाम देने वाले ने अपना गला फंसते देख बालिका को हमेशा के लिए अपने रास्ते से हटा दिया।