संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। सरयां पेट्रोल पंप के पास रविवार की सुबह करीब पांच बजे आम लदा डीसीएम सड़क पर पलट गया। बताया जा रहा है कि डीसीएम के आगे अचानक गाय आ गई थी। चालक ने गाय को बचाने के लिए एकाएक ब्रेक लगा दिया। इससे गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए सड़क पर पलट गई। हादसके के बाद डीसीएम में लदा आम सड़क पर फैल गया। लोगों ने डीसीएम में चालक को निकाला और अस्पताल भेजवाया। डीसीएम दोपहर तक सड़क पर ही पड़ा रहा।
जानकारी के अनुसार, सीतापुर जिले के कमलापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जलालपुर निवासी अंकुल यादव (22) डीसीएम पर लखनऊ से 10 टन आम लेकर बिहार प्रांत के सिवान जिला के लिए निकला था। रविवार की सुबह करीब पांच बजे डीसीएम लेकर खुखुंदू थाना क्षेत्र के सरयां पेट्रोल पंप के पास पहुंचा था। इस बीच गाड़ी के सामने अचानक गाय आ गई। डीसीएम चालक अंकुल का कहना है कि गाय को बचाने के लिए उसनेउब्रेक लगाया।
इसके बाद डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए सड़क पर पलट गया। मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने उसे गाड़ी से निकाल अस्पताल भेजवाया। चालक को गर्दन और पैर में चोटें आई हैं। उधर, दुर्घटना के बाद सड़क पर चारों तरफ आम बिखर गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया।