कोरोनारोधी टीकाकरण के लिए होगी घर-घर दस्तक
18 वर्ष से अधिक आयु के लाभार्थियों के टीकाकरण की लेंगे जानकारी
आशा कार्यकर्ता व लाभार्थी टीकाकरण के लिए लोगों को करेंगे जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। जनपद में कोरोनारोधी टीकाकरण की स्थिति, 18 वर्ष से अधिक आयु के लोगों के वैक्सीनेशन व टीकाकरण से छूटे हुए लोगों की जानकारी के मद्देनजर हर-घर दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इसमें आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग लिया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक पांडेय ने बताया कि टीकाकरण की ड्यू लिस्ट की जानकारी के लिए जनपद के हर गांव में हर-घर दस्तक अभियान चलाया जाएगा। अभियान का शुभारंभ बृहस्पतिवार को होगा, जो 30 नवंबर तक चलेगा। इसमें आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता इस बात की जानकारी करेंगी कि किस घर में कितने लोगों का टीकाकरण हुआ है और कितने लोगों को पहली डोज लगाई गई है। कितने लोगों को दोनों डोज लग चुकी है। कितने लोग अब तक टीकाकरण के दोनों डोज से वंचित हैं। कितने लोगों को दूसरी डोज का टीका नहीं लगा है। आशा कार्यकर्ता ऐसे लोगों को घर-घर जाकर चिह्नित करेंगी। इसमें जनपद स्तर पर बनाए गए माइक्रोप्लान का सहयोग लिया जाएगा तथा कोविन पोर्टल में दर्ज सूचना के आधार पर लेफ्ट आउट और ड्रॉप आउट लाभार्थियों के घर दस्तक देकर उनका पूर्ण टीकाकरण किया जाएगा। इसकी साप्ताहिक रिपोर्ट राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक के साथ ही जिलाधिकारी को दी जाएगी। इतना ही नहीं दैनिक समीक्षा भी डीएम द्वारा की जाएगी। शत-प्रतिशत लाभार्थियों को टीका लगाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
शत-प्रतिशत टीकाकरण सबकी जिम्मेदारी: डॉ. सुरेंद्र
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सुरेंद्र ने कहा कि क्लस्टर मॉडल 2.0 के तहत जनपद में टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसमें माइक्रोप्लान के तहत हर स्वास्थ्य क्षेत्र में टीकाकरण किया जा रहा है। दिन भर में एक टीम कई गांवों का भ्रमण करके टीकाकरण कर रही है। सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि नजदीक के बूथ पर जाकर टीकाकरण कराएं।