रुद्रपुर। पिंडरा पुल के एप्रोच पर पांच साल से ठोकर मार रही गोर्रा नदी इस साल बरसात में ऊफनाई तो कछार क्षेत्र के 64 गांवों में कोहराम मचा सकता है।
पुल का एप्रोच संकरा होने के कारण बरसात में दोआबा और कछार के 116 गांवों सहित पांच जिले की आवाजाही प्रभावित होती है। इस साल भी बरसात होने पर यह रास्ता सामान्य होने का अनुमान नहीं है।
वर्ष 2021 में बरसात में पिंडरा पुल पर गोर्रा नदी के कटान से आवागमन प्रभावित हो गया था। दशहरा के आसपास कटान की वजह से पुल का एप्रोच क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके चलते बरसात भर आवागमन ठप रहा। दोआबा के लोगों का दशहरा, दीपवाली और छठ फीका पड़ गया था। पुल से होकर अब भी बड़े वाहनों का आवागमन ठप है।
विधायक जय प्रकाश निषाद और एमएलसी डॉ. रतनपाल सिंह ने भी सदन में पुल के एप्रोच के कटान का मुद्दा उठाया, मगर कटान स्थल पर कोई कार्य नहीं हो रहा है। पिंडरा गांव के प्रधान मनोज सिंह, सुजीत गौड़, हरिश्चंद्र सिंह, सुमंत पासवान आदि ने कहा कि पिंडरा पुल का एप्रोच कट जाने से पुल की उपयोगिता खत्म हो जाएगी।