फोटो समाचार.....
-सलेमपुर के चक हिछौरा में विराट कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
सलेमपुर। क्षेत्र के चक हिछौरा गांव में मंगलवार को कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। कुश्ती में अपरबल यादव ने धोबी पछाड़ दांव लगाकर बलिया के पहलवान विकास को आसमान दिखा दिया। इसके बाद दिल्ली की महिला पहलवान सरिता को मऊ की मधु ने पटखनी देकर धूल चटाई। वहीं राजस्थान के महेन्द्र को अयोध्या के अनुपदास लाड़ी व मऊ की शिवांगी ने प्रयागराज के रोशनी पहलवान को काला जंग दांव लगाकर चित कर दिया।
दंगल के दौरान राजस्थान के महाकाल पहलवान को नेपाल के उपेंद्र थापा ने धूल चटाया। इसके अलावा बक्सर के राजेश टाइगर को कानपुर के मुन्ना व झांसी के पंकज को घाटी देवरिया के गोविंद ने पटखनी दी। दंगल में कुल 11 जोड़ी पहलवानों ने अपने कला का प्रदर्शन किया।
चक हिछौरा में गौस-ए-आजम सेवा संस्थान द्वारा आयोजित विराट कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए सलेमपुर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष सुधाकर गुप्त ने कहा कि कुश्ती कला भारतीय संस्कृति व सभ्यता का सबसे प्राचीन खेल है। ग्रामीण क्षेत्र में इस विधा को और आगे बढ़ाने की जरूरत है। आयोजक कमरुद्दीन मिस्त्री ने सभी के प्रति आभार जताया। प्रतियोगिता में कांग्रेस जिला महासचिव डॉ. धर्मेंद्र पांडेय, शहनवाज मशहूर हुसैन, सपा के रामप्रकाश यादव, जैनुल अख्तर, ग्राम प्रधान हरिश्चंद्र पांडेय, गुड्डू, प्रकाश पांडेय, जुबैर सिद्दिकी आदि उपस्थित रहे। निर्णायक की भूमिका में जाकिर पहलवान ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।