कांशीराम आवासीय कॉलोनी के समीप पोखरे में डूबे युवक का शव मिलने के बाद मोहल्ले के लोगों ने डीएम आव?
- फोटो : DEORIA
20 घंटे बाद मिला डूबे युवक का शव, जाम लगाया
नौकरी, 10 लाख और पोखरा पाटने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया
हंगामा करने वाले एक शख्स को पुलिस ने हिरासत में लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। कांशीराम आवास के पास रविवार की शाम पोखरे में डूबे शख्स का शव करीब 20 घंटे बाद सोमवार की दोपहर बरामद हुआ। मोहल्लेवासियों ने पुलिस को शव को ले जाने से रोक दिया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंची। मृतक के घरवालों ने डीएम आवास के समक्ष प्रदर्शन कर जाम लगा दिया। वह मृतक आश्रित को नौकरी, दस लाख रुपये आर्थिक मदद और पोखरा पाटने की मांग कर रहे थे। एसडीएम सदर ने उन्हें समझाकर जाम समाप्त कराया।
साकेतनगर मोहल्ला निवासी सन्नी बांसफोर रविवार की शाम अपने कांशीराम कॉलोनी स्थित मामा छोटेलाल के घर आया था। वहां पास में ही पोखरे में डूब गया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव खोजने में काफी मशक्कत की, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली। सोमवार को गोताखोरों की मदद से शव की तलाश शुरू हुई। दोपहर बाद पोखरे से सन्नी का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद कांशीराम आवासीय कॉलोनी के लोग हंगामा करने लगे। उन्होंने शव ले जाने से रोक दिया। उनका कहना था कि तीन दिन में दो लोगों की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। इस पोखरे को पटवा दिया जाए। पुलिस लाइंस के रास्ते को खोल दिया जाए। उन लोगों की मांग थी कि मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी और 10 लाख रुपये मुआवजा दिया जाए। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों की सूचना पर अधिक संख्या में फोर्स पहुंच गई। हंगामा कर रहे एक युवक को हिरासत में ले लिया। शव लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। कुछ ही देर में मोहल्ले के लोग वहां भी पहुंच गए और फिर वहां से डीएम आवास धमक पड़े। आवास के समक्ष नारेबाजी करते हुए मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलते ही सदर एसडीएम दिनेश मिश्र मौके पर पहुंचे। वार्ता कर चले गए। इसके बाद मोहल्लेवासी पोस्टमार्टम पहुंचे। फिर अपनी मांगों को लेकर डीएम आवास पहुंचकर जाम लगा दिए। सूचना के बाद एसडीएम दिनेश मिश्र पहुंचे। उन्होंने हर संभव सरकारी मदद का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। पोखरे के पास चेतावनी बोर्ड लगाया जाएगा। इस बाबत सदर कोतवाल अरुण मौर्य ने पोखरे में डूबे शव को बरामद कर कार्रवाई की जा रही है। उनकी मांग को उच्चाधिकारियों को बता दिया गया है।