गैस एजेंसियां सिलिंडरों की होम डिलिवरी के नाम पर मनमाना रकम वसूल रही हैं। पांच से सात किलोमीटर के दायरे में सिलिंडर आपूर्ति करने के नाम पर 45 से 70 रुपये की वसूली की जा रही है। सोमवार को कपरवार के रामलीला मैदान में सिलिंडर लेने आए उपभोक्ताओं ने इसका विरोध करते हुए हंगामा किया। इसके बाद डिलिवरी देने आए लोग वाहन लेकर भाग चले।
क्षेत्र के घरेलू गैस उपभोक्ता होम डिलिवरी के नाम पर ठगे जा रहे हैं। सिलिंडरों की आपूर्ति के नाम पर अतिरिक्त रकम वसूली जा रही है। कपरवार रामलीला मैदान में नगर के एचपी गैस एजेंसी का वाहन पहुंचा तो उपभोक्ताओं ने प्रति सिलिंडर 705 रुपये लिए जाने लगे।
उपभोक्ताओं ने पर्ची पर कम दाम लिखे होने की बात कही और अधिक रुपये लेने पर आपत्ति जताई। लेकिन एजेंसी के लोग नहीं मान रहे थे। इसके बाद उपभोक्ताओं का गुस्सा बढ़ गया।
कुछ लोगों ने रुपये देकर सिलिंडर प्राप्त कर लिया था। रामहोसिला साहनी, ज्योति गुप्ता, नाजमा, संगीता देवी, राजकुमार निषाद, वृजेश कुमार, समसुन निशा, जैनुल अंसारी, जयप्रकाश चौरसिया ने बताया कि 632 रुपये की जगह उनसे 705 रुपये लिए गए। नहीं देने पर सिलिंडर देने से मना कर दिया गया।
मजबूरी में सिलिंडर लेना पड़ा है। जबकि इंडेन गैस एजेंसी 680 रुपये में भारत गैस एजेंसी से 635 रुपये में सिलिंडर की आपूर्ति की जाती है। जिलापूर्ति अधिकारी केजी पांडेय ने बताया कि यह मनमानी है। लोग अपने मोबाइल नंबरों के साथ शिकायत करें। जांच कर दोषी एजेंसियों पर कार्रवाई की जाएगी।