पूर्व विधायक का डेढ़ एकड़ का बगीचा तहस नहस
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रपुर। शुक्रवार और शनिवार को जिले में आई भीषण बारिश और तूफान ने भारी तबाही मचाई है। तेज हवाओं के बीच रुद्रपुर में चक्रवात आने से कई गांवों में भारी नुकसान हुआ। गांव में तमाम पेड़ जड़ से उखड़ गए है। बगीचों को भारी नुकसान हुआ है।
शिवपुर करियहवा गांव में स्थित सपा के पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह उर्फ खोखा सिंह का डेढ़ एकड़ के सागौन का बगीचा तहस नहस हो गया। इस बगीचे में 150 सागौन के वृक्ष धराशाही हो गए । पूर्व विधायक ने बताया कि तूफान इतना तेज था, कि काफी लंबे पेड़ जड़ से उखड़ गए। धराशाही वृक्षों के कई जगह से क्षतिग्रस्त हो जाने से उसकी लकड़ी भी बेकार हो गई है।
पूर्व विधायक के अनुसार उनका लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। महीगंज गांव में भी चक्रवात आने की खबर है। यहां कामेश्वर सिंह के बगीचे में काफी नुकसान हुआ है। खेत के किनारे लगे पेड़ उखड़ कर दूर जाकर गिरे हैं। रुद्रपुर, मदनपुर, एकौना और रामलक्षण क्षेत्र में सड़क के किनारे और खेत में लगाए गए वृक्षों को भारी क्षति पहुंची है। बारिश और तूफान से हुई तबाही से तमाम लोग परेशान हैं। पूर्व विधायक खोखा सिंह ने कहा कि प्रशासन इस तबाही को दैवीय आपदा घोषित करें। आपदा ग्रस्त इलाकों का सर्वे कर नुकसान की भरपाई की जाए। इस आपदा से पीड़ित लोगों को क्षतिपूर्ति मिलनी चाहिए।