देवरिया। छठ पर्व पर रविवार को शहर में भीड़भाड़ बढ़ गई। पूजा के मल मूल, कोसी खरीदने को लोग उमड़े। शहर में दो तरफ रूट डायवर्ट कर चार और तीन पहिया वाहनों पर रोक लगा दी गई। इससे लोगों को घूमकर गंतव्य जाना पड़ा।
शहर के करीब 30 घाटों पर नगर पालिका परिषद ने सफाई कराकर व्रतियों के लिए व्यवस्था की है। छठ पर्व के लिए लोग दिनभर खरीदारी करते रहे।
सिविल लाइंस, हनुमान मंदिर, जलकल रोड और मोतीलाल रोड पर दुकानें सजी रहीं। इन दुकानों पर बड़ी संख्या में लोग सामान खरीदने पहुंचे। मोतीलाल रोड पर भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने रूट डायवर्जन लागू कर दिया। कोतवाली चौराहे से मोतीलाल रोड पर जाने वाले चार और ती पहिया वाहनों को यहां से जलकल रोड और कोतवाली रोड की ओर घुमा दिया गया।
केवल बाइक को जाने की अनुमति दी गई। इसके चलते बाजार में लोगों को सुविधा हुई। मोतीलाल रोड पर भीड़ के चलते पैदल चलना मुश्किल हो रहा था। शाम तक तो पैर रखने की जगह नहीं मिल रही थी।