खुखुंदू/पैना(ब्यूरो)। बहादुरपुर के समीप चार पहिया वाहन और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। एक अन्य युवक घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बिहार, गोपालगंज के विजयीपुर थाना के जगदीशपुर निवासी 38 वर्षीय रामदुलारे की देवरिया में दुकान है।
शुक्रवार की शाम वह खुखुंदू में ससुराल पत्नी के पास गया था। शनिवार सुबह छह बजे साले राम आशीष के 19 वर्षीय पुत्र पंकज के साथ बाइक से किसी काम से जा रहा था। बाइक रामदुलारे चला रहा था। देवरिया-सलेमपुर मार्ग पर बहादुरपुर के पास टाटा सूमो और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई। आसपास के लोगों ने अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों ने रामदुलारे को मृत घोषित कर दिया। उधर, लार थाना के जमुआ गांव निवासी 26 वर्षीय मंटू और 28 वर्षीय दिनेश किसी कार्य से बाइक से बरहज जा रहे थे। लार रोड-बरहज मार्ग पर मौना गांव के समीप पहुंचे थे कि अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। बाइक सवार दोनों युवक सड़क के किनारे बेहोशी के हालत में पड़े थे। ग्रामीणों ने युवकों को देख यूपी-100 को सूचना दी।