कोतवाली में तहरीर देने पहुंचे मृतक के परिजन व अन्य ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
कोतवाली क्षेत्र में एक वृद्ध की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शनिवार को सीएचसी में एक लावारिस शव की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जब छानबीन की तो उसकी शिनाख्त खकल्ल गांव निवासी के रूप में हुई। जानकारी पर परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने वृद्ध की हत्या का आरोप मटर व्यापारियों पर लगाया, जो उन्हें मटर
का पैसा दिलाने के बहाने घर से लिवा ले गए थे। मृतक के परिजनों ने घटना की तहरीर दी है। ग्राम खकल्ल निवासी इंद्रपाल सिंह पुत्र कोकसिंह गुर्जर ने पुलिस को बताया कि उसका बड़ा भाई केशवसिंह उर्फ बाबा कोंच के आढ़ती हसनखां, हनीफखां व बबलू की आढ़त पर काम करता था। आढ़तियों पर किसान का लगभग 14 लाख रुपया बकाया था। किसान इसका तगादा
केशव सिंह से कराते थे, लेकिन आढ़ती टरका देते थे। किसान केशव सिंह पर पैसा दिलाने के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। शुक्रवार को सुबह लगभग आठ बजे हसनखां व हनीफखां केशव के घर खकल्ल पहुंचे और उसे मटर का बकाया पैसा चुकता करने का बहाना देकर साथ ले गए। आरोप है कि उस समय केशव के पास एक लाख 22 हजार रुपया भी था। देर शाम तक नहीं
लौटा तो परिजनों ने संपर्क किया, लेकिन मोबाइल स्विच आफ मिला। शनिवार को सुबह छह बजे इंद्रपाल कोंच आया तो उसे जानकारी मिली कि उसके भाई का शव सीएचसी कोंच में पड़ा
है। परिजनों ने केशव की हत्या की आशंका जताई है। कोतवाल देवेंद्र कुमार द्विवेदी का कहना है कि तहरीर ले ली गई है, शव को पोस्टमॉर्टम के लिये भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई होगी।