महेन गांव में आपसी कहासुनी के बाद पड़ोसियों ने एक युवक की लाठी डंडे से पीट कर हत्या कर दी। युवक अपने चचेरे भाई के साथ दरवाजे पर सो रहा था।
हमले में घायल चचेरे भाई का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने दो लोगों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। आरोपियों में एक मदनपुर थाने का चौकीदार भी शामिल है।
गांव के विमलेश गिरी का बेटा भरत गिरी (20) शुक्रवार की रात एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। शादी समारोह उसके मोहल्ले का शुभम दूबे भी गया था।
घर आते समय करीब आठ बजे गांव के बाहर दोनों युवक किसी बात को लेकर उलझ गए। गांव वालों के अनुसार दोनों नशे ही हालत में थे।
लोगों ने बीच बचाव कर मामला शांत करा दिया। रात में भरत अपने चाचा रामसकल के दरवाजे पर चचेरे भाई मणिशंकर के साथ तख्त पर सो गया।
आरोप है कि रात करीब 12 बजे दो लोगों ने सो रहे दोनों युवकों पर हमला बोल दिया। ताबड़तोड़ लाठी डंडे से पीटना शुरू कर दिया।
युवकों की चीख पुकार सुनकर लोगों को जुटता देख हमलावर भाग निकले। भरत खून से लथपथ होकर जमीन पर गिरा था।
घर वाले उसे लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। युवक के सिर में गंभीर चोट आई थी। दूसरे घायल मणिशंकर का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
मृतक भरत हलवाई का काम करके गुजर बसर करता था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए देवरिया भेज दिया।
मृतक के पिता विमलेश की तहरीर पर पुलिस ने गांव के जगदेव दूबे और उसके बेटे शुभम दूबे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और मारपीट का मुकदमा दर्ज किया।
आरोपी जगदेव उर्फ कोकिला मदनपुर थाने का चौकीदार भी है। सीओ डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी में लगी है।