पति की मौत के बाद धरना स्थल पर बेहोश हुई पत्नी।
सलेमपुर में होली के दिन चली गोली से घायल युवक ने इलाज के दौरान लखनऊ एसजीपीजीआई में शनिवार की रात दम तोड़ दिया। इसकी खबर मिलते ही गांव में तनाव बढ़ गया। गुस्साए लोगों ने महदहा चौराहे पर लाश रखकर सड़क जाम कर दिया। जिसके चलते तीन घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सीओ के आश्वासन के बाद नाराज लोग शांत हुए। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। विवाद में घायल हुए एक अन्य युवक की इलाज के दौरान पहले ही मौत हो चुकी है।
कोतवाली क्षेत्र के रजडीहा गांव में 24 मार्च को होली के दिन सोनू गोंड के तमंचे से गोली चल गई। गोली से राजेश यादव और सोनू गोंड घायल हो गए । इसके बाद गांव में हुए बवाल में दस से अधिक लोग घायल हो गए। राजेश का इलाज लखनऊ पीजीआई में चल रहा था। शनिवार की रात 11 बजे अचानक उसकी मौत हो गई। रविवार को सुबह 10 बजे एंबुलेंस से लाश को लेकर घर वाले महदहा चौराहा पर पहुंचे और सड़क जाम कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जबरन लाश लेने की कोशिश। इसको लेकर आक्रोशित लोगों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। तीन घंटे बाद करीब एक बजे सलेमपुर के प्रभारी सीओ शिवनाथ गुप्ता मौके पर पहुंचे और लोगों से वार्ता कर चार सूत्रीय मांग पत्र लेकर जाम समाप्त कराया।
बता दें कि गोली चलने के बाद मारपीट की घटना में राजेश का चचेरा भाई बालेंद्र यादव भी घायल हो गया था। जिसकी 26 मार्च की रात में लखनऊ एसपीपीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। घटना के विरोध में लोगों ने सड़क पर लाश रखकर सड़क जाम कर दिया था। इस मामले में गांव के प्रधान समेत तेरह लोगों पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। इसमें नौ आरोपी जेल में बंद हैं। जबकि चार आरोपी फरार चल रहे हैं।
एक पक्ष के दो युवकों की मौत के बाद गांव का माहौल और खराब हो गया है। वहीं प्रशासन की ओर से गांव में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। इस बाबत इंस्पेक्टर डीपी सिंह ने कहा कि पीड़ित परिवार से वार्ता के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।