रुद्रपुर। पूर्वी बाईपास स्थित एक शादी समारोह स्थल से चोरों ने पानी की सप्लाई करने वाले वाहन को पानी की टंकी के साथ ही चुरा लिया। घटना की जानकारी होते ही पीड़ित ने तत्काल इसकी सूचना 100 नंबर पर पुलिस को दी। सूचना के बाद पुलिस आधी रात से ही गाड़ी को तलाश रही है। लेकिन पुलिस के हाथ सफलता नहीं लग सकी।
शनिवार को पूर्वी बाईपास पर दयाशंकर पांडेय के घर लड़की की शादी का कार्यक्रम था। इस दौरान बारातियों और आगंतुकों के स्वागत के लिए भव्य पांडाल सजाकर लोगों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की गई थी। कार्यक्रम में शिवाला वार्ड के सुनील कुमार त्रिपाठी ने पानी की आपूर्ति दी थी। उन्होंने अपने ई-रिक्शा वाहन पर 500 लीटर की टंकी में पानी भरकर भेजवाया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद ड्राइवर गाड़ी लेने पहुंचा तो देखा कि गाड़ी गायब थी। उसने इसकी जानकारी मालिक को दी। मौके पर पहुंचे मालिक ने घटना की सूचना 100 नबंर पर पुलिस को दी। वाहन स्वामी ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी है। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी छोटेलाल ने कहा कि चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीम जांच पड़ताल कर रही है।