देवरिया रेलवे स्टेशन के प्लेटफाॅर्म पर टूटी पटरी।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया(ब्यूरो)। दिल्ली से बरौनी जा रही वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस बुधवार सुबह देवरिया में टूटी पटरी से गुजर गई। संयोग से हादसा नहीं हुआ लेकिन पटरी का प्रभावित भाग बदलने के लिए डाउन लाइन करीब एक घंटे बंद रही।
घटना सुबह 11.55 बजे की है। डेढ़ घंटे से ज्यादा लेट चल रही वैशाली एक्सप्रेस जिस वक्त प्लेटफॉर्म तीन के ट्रैक से गुजर रही थी, उसी वक्त स्टेशन अधीक्षक कक्ष के सामने पटरी का हिस्सा टूटा होने की जानकारी मिली। रेलवे स्टाफ का कहना है कि पटरी के जोड़ से जैसे ही इंजन गुजरा तो जोड़ अलग हो गया। दोनों हिस्से के बीच ज्यादा गैप न देख 10 मिनट रोकने के बाद वैशाली एक्सप्रेस को धीमी रफ्तार से टूटी पटरी से ही आगे रवाना कर दिया।
स्टेशन अधीक्षक परशुराम तिवारी की सूचना पर सक्रिय हुई रेल पथ निरीक्षक की टीम को पटरी का प्रभावित हिस्सा बदलने में करीब एक घंटा लगा। स्टेशन अधीक्षक का कहना है कि इस दौरान डाउन लाइन बंद जरूर रही लेकिन उस वक्त कोई ट्रेन न होने से रेल संचालन प्रभावित नहीं हुआ।
----