राप्ती नदी के बाढ़ के पानी में नाव पलटने के कुछ दूर बाद बच्चों को लेकर जाती नाव। हवा के तेज झोंको से नाव पटल गई थी।
- फोटो : रविकांत उपाध्याय
बरहज। मंगलवार की सुबह बच्चों को स्कूल ले जाने को जा रही नाव राप्ती नदी में पलट गई। नाव पर 20 से अधिक बच्चे सवार थे। हादसे के समय मौजूद लोगों की मदद से सभी बच्चों को पानी से निकाला गया।
प्रशासन का कहना है कि घटना की जांच कराई जाएगी। तहसील क्षेत्र में राप्ती नदी के पानी से घिरे गांव भदिला प्रथम गांव के स्कूली बच्चे नाव पर सवार होकर गांव से बाहर निकल रहे थे। नाव घाट 20 फीट अंदर गई, तभी अचानक तेज हवा बहने लगी। हवा के झोंके से नाव अनियंत्रित हो गई। बताया जाता है कि नाव को बच्चे ही चला रहे थे। तभी नाव पानी में पलट गई और बच्चे चिल्लाने लगे।
नाव पर एक सहायक अध्यापिका के साथ छोटे बच्चे भी थे। जो बच्चे स्कूल को जा रहे थे, वे समीप गोरखपुर के पीएनएम पब्लिक स्कूल जिसवलिया में पढ़ने के लिए निकले थे। हादसे की जानकारी मिलने के बाद गांव में कोहराम मच गया।
परिजन दौड़कर नदी के पास पहुंचे और बच्चों को सुरक्षित देख राहत की सांस ली। एसडीएम का कहना है कि नाव किनारे के करीब पलटी थी, गांव में नाव की व्यवस्था के बाद घटना की जांच कराएंगे।