देवरिया। सरौरा कांड में नामजद दो और आरोपियों को पुलिस ने रविवार की रात को पुरवां पेट्रोल पंप से गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को दोनों को जेल भेज दिया गया। इस मामले में पांच अन्य लोग हिरासत में हैं।
तीन नामजद पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं। सदर कोतवाली के सरौरा गांव के चौराहे पर शनिवार को भूमि के लिए हुए संघर्ष में तीन लोगों की जान चली गई। इस मामले में सरौरा गांव के योगेंद्र कुशवाहा की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने नौ नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था। घटना वाले दिन ही रुद्रपुर पुलिस ने जोकहां खास गांव के रहने वाले हरिशंकर पांडेय, छोटेलाल पांडेय और रामनाथ देवरिया के रहने वाले शमशेर को पकड़ लिया था। इनके पास से चार लाइसेंसी असलहे बरामद किए गए।
रविवार को तीनों को जेल भेजा गया था। रविवार की रात को ही कोतवाली पुलिस ने इस कांड के दो नामजद आरोपी अलगटपुर के सुरेंद्र यादव और मुन्ना यादव ऊर्फ जीतेंद्र को पुरवां पेट्रोल पंप के पास से गिरफ्तार कर लिया था। एसएसआई श्रवण यादव ने बताया कि दोनों को जेल भेज दिया गया है। पांच अन्य लोगों को हिरासत में लिया गया है। बाकी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।