केरवनिया पुल के नीचे गंडक नदी में लाश मिलने के बाद घाट पर जुटी लोगों की भीड़।
छोटी गंडक में दो लोगों की लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने लाशों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर जुटे लोगों ने हत्या की आशंका जताई। वहीं घर वाले इस बारे में कुछ कहने से इनकार कर रहे हैं।
भटनी थाना क्षेत्र के डेमुसा बाबू टोला निवासी दहारी गुप्ता (40) शुक्रवार को घर से सूखा राहत की रकम जांच करने की बात कहकर पंजाब नेशनल बैंक एकला आम के लिए निकले। देर शाम तक उनके वापस नहीं लौटने पर घर वालों की चिंता बढ़ गई। रविवार को छोटी गंडक नदी में कुरमौटा गांव के समीप लोगों ने उनकी लाश देखी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को नदी से बाहर निकलवाया। जंगली बाबा स्थान के पास दहारी का ठेला और इसमें रखा हुआ बैंक पासबुक मिला जिससे पुलिस ने इसकी पहचान की। दहारी घर का अकेला कमाऊ सदस्य था। ठेला चलाकर परिवार का पेट पालता था। इसके मौत के बाद इसकी पत्नी प्रभावती देवी का रोते-रोते बुरा हाल हो गया है।
इसके अलावा घांटी गांव निवासी हरिशंकर यादव (50) शनिवार को दोपहर में घर से बाजार जाने की बात कहकर निकले। रविवार को उनकी लाश खामपार थाना क्षेत्र के करवनिया पुल के समीप गंडक में लोगों ने देखी। उनके शरीर पर कपड़ा नहीं था। दोनों लाशों को देखने के बाद लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। इस बाबत भाटपाररानी सीओ विश्वनाथ गुप्ता ने बताया कि नदी में मिली लाशों की पहचान कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजहों की जानकारी होगी।