रुद्रपुर/एकौना। बाइक सवार तीन युवक भगड़ा नाला पुल से 30 फीट नीचे गड्ढे में गिरकर घायल हो गए। रविवार की रात तीनों बारात जा रहे थे। चिकित्सकों के अनुसार तीनों नशे में थे। अस्पताल पहुंचकर उनके परिवार वालों ने हंगामा किया। आरोप है कि परिवारवालों ने इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात चिकित्सक और फार्मासिस्ट की पिटाई की। वह एंबुलेंस चालक से भी उलझ गए। चिकित्सकों ने सोमवार को कोतवाली में घायल युवकों और उनके परिवार वालों के खिलाफ तहरीर दी।
नौका टोला रामलक्षन के रहने वाले अर्जुन निषाद, पप्पू निषाद और सत्येंद्र एक ही बाइक पर सवार होकर रात करीब नौ बजे बारात जा रहे थे। एकौना थानाक्षेत्र के भगड़ा नाले पर बाइक अनियंत्रित होकर 30 फिट नीचे गिर गई। बताया जाता है कि तीनों नशे में गाड़ी चला रहे थे। राहगीरों ने युवकों के खाई में गिरने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस को देखकर उनमें से सत्येंद्र भाग गया।
अर्जुन और पप्पू को गंभीर चोट आई थीं। पुलिस ने दोनों को सीएचसी रुद्रपुर पहुंचाया। घायलों के अस्पताल पहुंचते ही उनके परिवार के लोग भी आ गए। परिवार के लोग इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात चिकित्सक और फार्मासिस्ट से इलाज को लेकर उलझ गए। आरोप है कि उन्होंने डॉ. गणेश गुप्ता और फार्मासिस्ट रामदुलारे की पिटाई की। चिकित्सक के अनुसार दोनों युवक नशे में अचेतावस्था में थे। उनके परिवार के लोग कालर पकड़कर मारने लगे। परिवार के लोगों ने एंबुलेंस चालक से भी विवाद किया। प्रभारी निरीक्षक बीबी सिंह ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई होगी।