एसडीएम के नेतृत्व में सलेमपुर में पेट्रोल पंप मशीन की जांच करती टीम।
- फोटो : अमर उजाला
सलेमपुर। तीन पेट्रोल पंपों पर एसडीएम के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने छापामारी की। इसमें मझौलीराज नगर के एक पेट्रोल पंप में कमी मिली। इसे अफसरों ने सील कर दिया। अधिकारियों का दावा है कि अन्य दो पेट्रोल पंपों पर कोई खास अनियमितता नहीं मिली। अचानक छापामारी से पेट्रोल पंप मालिकों में खलबली मच गई। पेट्रोल पंपों पर ग्राहकों के साथ घटतौली की शिकायत आम हो गई है।
शासन के निर्देश पर जिले में चला रहे जांच अभियान से पेट्रोल पंप मालिक सकते में आ गए हैं। सोमवार दोपहर में एसडीएम, पूर्ति विभाग और बांट-माप विभाग की संयुुक्त टीम मझौली मोड़ स्थित चंद्र फीलिंग और बेलपार स्थित भारत पेट्रोल पंप पर पहुंची। दोनों पेट्रोल पंपों पर डीजल और पेट्रोल का मानक सही पाया गया। इसके बाद टीम मझौलीराज नगर के किसान सेवा केंद्र पर पहुंची। यहां पर डीजल का नोजल पांच लीटर में 40 मिली मीटर अधिक तेल उगल रहा था। यह देख टीम दंग रह गई।
जांच में डीजल मशीन पंप के नोजल से छेड़छाड़ करने की बात सामने आया। इस पर टीम ने डीजल पंप को सीलकर दिया। जिला पूर्ति अधिकारी केजी पांडेय की मानें तो पांच लीटर डीजल में 25 मिली मीटर तक अधिक या कम तेल पाना सामान्य बात है। लेकिन 40 मिली मीटर तेल अधिक निकलना संदेह व्यक्त कर रहा है। एसडीएम जयप्रकाश ने बताया कि एक पेट्रोल पंप पर गड़बड़ी मिली है। इसे सील कर दिया गया। इस दौरान सीओ अजय कुमार राय, बांट माप विभाग और पूर्ति विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।