मतदान करने के लिए कतार में खड़ी महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र के पवक्कलपुर इमामबाड़ा में बने बूथ पर दो पक्षों में विवाद हो गया। बूथ के 100 मीटर के दायरे में दो पक्षों के लोग हंगामा करने लगे। माहौल बिगड़ता देखकर किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर सीओ, रामपुर कारखाना के एसओ और दो अन्य थानों की पुलिस पहुंची। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को दौड़ाकर पीटा।
इससे भगदड़ मच गई। इस दौरान 45 मिनट तक मतदान बाधित रहा। पवक्कलपुर के प्राथमिक विद्यालय के बूथ-76 पर कुछ मुस्लिम युवक वोट डालने आए थे। दूसरी पार्टी के एक एजेंट से युवकों का दो मार्च को एक नेता की निकली रैली के दौरान हुए मारपीट को लेकर बहस शुरू हो गई। मामला बिगड़ने लगा तो सुरक्षाकर्मियों ने युवकों को बूथ से बाहर कर दिया।
एजेंट को भी फटकार लगाते हुए बाहर भेज दिया। यह खबर जब गांव में पहुंची तो दोनों टोला के लोग बूथ से 100 मीटर के दायरे में एकत्र हो गए। मामला उग्र रूप लेने लगा। इसी बीच किसी ने जिला मुख्यालय पर उच्चाधिकारियों को सूचना दी। आनन-फानन में सीओ सदर, रामपुर कारखाना के एसओ और दो अन्य थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस फोर्स ने पहुंचते ही लाठियां बरसानी शुरू कर दी। इससे भगदड़ मच गई। अफरातफरी का माहौल हो गया। स्थिति सामान्य होने पर मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई।